Breaking





May 31, 2024

ढाई किलो अफीम बरामद, दो नेपाली महिला तस्कर गिरफ्तार

 ढाई किलो अफीम बरामद, दो नेपाली महिला तस्कर गिरफ्तार

रूपईडीहा, बहराइच। थाना मोतीपुर पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर चेकिंग के दौरान ढाई किलो अफीम के साथ दो महिला तस्करों को पकडा। भारत नेपाल सीमा पर अपराध एवं तस्करी को रोकथाम के लिए सीमावर्ती क्षेत्र में 59वीं वाहिनी के कमांडेंट कैलाश रमोला के निर्देशन में लगातार विभिन्न ड्यूटी के माध्यम से नजर रखी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसी क्रम में सीमा चौकी बलईगांव के फुट्टा ओ.पी. चेक पोस्ट पर एसएसबी एवं उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संयुक्त आने जाने वाले व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। तभी नेपाल की तरफ से दो महिलाएं उर्मकाली पति गणेश कटवाल, उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम- सीमालगाड़ी, खजुरा जिला बाके नेपाल व रति शाही पति नमराज शाही उम्र 32 वर्ष ग्राम सीमालगाड़ी खजुरा जिला बाके नेपाल हाथ में झोला लेकर आती हुई दिखाई दी। संदेह के आधार पर महिला बलकर्मियों द्वारा रोका गया तो वे घबराने लगी। संयुक्त टीम द्वारा कड़ाई से पूछताछ किया गया तो पकड़ी गई महिलाओं ने अपने पास अफीम होने की बात स्वीकार की। जिसकी सूचना सीमा चौकी बलईगांव के समवाय कमांडर असेम सुशील सिंह, सहायक कमान्डेंट को दी गई। उनके पहुंचने के उपरान्त महिला बलकर्मियों द्वारा उन दोनों महिलाओं से नाम पता पूछा गया एवं तलाशी ली गई तो दोनों के पास से प्लास्टिक के झोले में प्लास्टिक में लिपटा हुआ पदार्थ अफीम मिला। इलेक्ट्रानिक बाट माप मशीन से उसे तौला गया तो कुल वजन 2.5 किलोग्राम हुआ। दोनों महिलाओं से बरामद अफीम से संबंधित कागजात मांगें गए तो दिखाने में असमर्थ रहीं। पकड़ी गई दोनों महिलाओं एवं बरामद अफीम को अन्य कागजी कार्यवाही पूर्ण करने के पश्चात अग्रिम कार्यवाही हेतु थाना मोतीपुर पुलिस को सुपुर्द किया गया।

No comments: