Dec 13, 2023

तो अब माननीयों की हटाई जाएंगी होल्डिंग्स, डीएम ने दिया कड़ा निर्देश

 


           गोंडा– जिला प्रशासन ने जनपद के चौराहों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए अवैध होर्डिंग्स, बैनर व पोस्टर हटवाने का फैसला लिया है। 14 और 15 दिसम्बर को जनपद में विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। सड़कों, चौराहों पर अवैध ढंग लगाए गए होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर के चलते यातायात बाधित होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ठंड के मौसम में कोहरे के कारण यह संभावनाएं और भी बढ़ जाती हैं। इसके मद्देनजर नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया गया है। 

            जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि नगर मजिस्ट्रेट और संबंधित उप जिलाधिकारीगण के माध्यम से 14 और 15 दिसम्बर को विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। नगर निकाय क्षेत्र में संबंधित अधिशासी अधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में अभियान संचालित होगा। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्र में मुख्य बाजारों, चौराहों तथा रोड साइड में चिन्हित होर्डिंग्स को हटवाने का कार्य लोक निर्माण विभाग के संबंधित प्रखण्ड तथा खण्ड विकास अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से कराया जाएगा। 

अभियान को सफल बनाने के लिए नगर मजिस्ट्रेट और संबंधित उप जिलाधिकारीगण अपनी-अपनी टीमों का गठन करेंगे। 

          अभियान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित प्रभारी निरीक्षक पर्याप्त पुलिस बल के साथ स्वयं मौके पर उपस्थित रहेंगे। नगर मजिस्ट्रेट और संबंधित उप जिलाधिकारीगण अपने सहयोगी पुलिस क्षेत्राधिकारी के साथ भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

            जिलाधिकारी के निर्देशों पर नगर मजिस्ट्रेट और संबंधित उप जिलाधिकारीगण को 15 दिसम्बर को आदेश के अनुपालन के संबंध में रिपोर्ट भी प्रस्तुत करनी होगी। 

No comments: